सतना में शराब की होम डिलेवरी करने वाला गिरफ्तार:फोन से लेता था ऑर्डर फिर घर पहुंचाता था, घर में अलग-अलग ब्रांड की भरी हुई बोतलें

सतना में शराब की होम डिलेवरी करने वाला गिरफ्तार:फोन से लेता था ऑर्डर फिर घर पहुंचाता था, घर में अलग-अलग ब्रांड की भरी हुई बोतलें

सतना में आबकारी विभाग की टीम ने शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 1 लाख 12 हजार रुपये की अवैध शराब बरामद की गई है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने बताया कि शहर में अवैध रूप से शराब की होम डिलीवरी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद आबकारी टीम को निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। मुखबिर की सूचना पर दबिश इसी दौरान 24 जनवरी की रात सतना सर्किल क्रमांक-2 के प्रभारी नीलेश गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर गली नंबर-13 निवासी 21 वर्षीय विशाल चौधरी अपने घर से शराब की होम डिलीवरी कर रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने आरोपी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे से अलग-अलग ब्रांड की 61.5 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फोन से लेता था ऑर्डर पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों से फोन पर ऑर्डर लेता था और शराब घर तक पहुंचाता था। भुगतान ऑनलाइन और कभी-कभी नकद लिया जाता था। आबकारी टीम ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसके ऑनलाइन लेनदेन की जांच की जा रही है। मिलावट की भी आशंका आबकारी विभाग को जब्त शराब की पैकिंग और गुणवत्ता संदिग्ध लगी है। ऐसे में शराब में मिलावट या नकली होने की आशंका जताई जा रही है। इस कारण जब्त शराब की जांच कराई जाएगी। जांच में गड़बड़ी मिलने पर आरोपी के खिलाफ और सख्त धाराएं जोड़ी जाएंगी। आबकारी विभाग का कहना है कि इस रैकेट में अन्य लोगों के शामिल होने के भी संकेत मिले हैं। मामले की जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *