यमुनानगर जगाधरी शहर के गंगा नगर कॉलोनी से एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। कपड़ों को लेकर पति-पत्नी के बीच हुई हल्की नोकझोंक के बाद महिला पहले मायके और फिर वहां से भी बिना बताए कहीं चली गई। कई दिनों की तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं लगा तो पति ने पुलिस चौकी बुडिया गेट में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना शहर जगाधरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शादी के कपड़ों को लेकर कर रहे थे डिस्कशन पुलिस को दी शिकायत में देवराज निवासी, गंगा नगर कॉलोनी, जगाधरी ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। उसकी शादी वर्ष 2012 में रविता(28) निवासी गांव मोरना, थाना मोरना, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। देवराज ने बताया कि दिनांक 03 फरवरी को उसकी मासी के लड़के की शादी तय है। इसी शादी के कारण वह और उसकी पत्नी रविता 22 जनवरी को घर में कपड़ों की डिस्कशन कर रहे थे। इसी दौरान मजाक-मजाक में उनके बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद पत्नी ने किया अभद्र भाषा का प्रयोग इस कहासुनी के बाद उसकी पत्नी ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद उसकी पत्नी रविता सुबह करीब 9 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई और अपने भाई नरेश, निवासी गंगा नगर कॉलोनी, जगाधरी के घर चली गई। शाम करीब 7:30 बजे उसे यह जानकारी मिली कि उसकी पत्नी रविता अपने भाई नरेश के घर से भी उसी दिन शाम करीब 7:00 बजे बिना बताए कहीं चली गई है। इसके बाद उसने और उसके परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारियों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन पत्नी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस महिला की कर रही तलाश शिकायतकर्ता ने पुलिस को अपनी पत्नी का हुलिया भी बताया। पुलिस चौंकी बुडिया गेट में शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना शहर जगाधरी में धारा 127(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और परिजनों से लगातार संपर्क में रहकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


