भोपाल की जानी-मानी कलाकार नवाब जहां ने 26 जनवरी के मौके पर भारतीय वायुसेना को समर्पित एक खास पेंटिंग बनाई है। यह पेंटिंग देशभक्ति के साथ-साथ उनकी अलग पहचान वाली कला शैली को भी सामने लाती है। इस पेंटिंग को ब्रश से नहीं, बल्कि पूरी तरह किचन नाइफ से बनाया गया है। नवाब जहां बताती हैं कि किचन नाइफ से पेंटिंग करना उनकी पहचान है और इसी तकनीक से उन्होंने कैनवास पर अलग टेक्स्चर और गहराई दी है। एक महीने की मेहनत, 2×3 फीट का कैनवास
यह पेंटिंग कैनवास पर बनाई गई है, जिसका साइज 2×3 फीट (24×36 इंच) है। इसे तैयार करने में करीब एक महीने का समय लगा। कलाकार के मुताबिक, यह पेंटिंग खास तौर पर 26 जनवरी के लिए बनाई गई थी। आसमान में उड़ते फाइटर जेट्स, चांदी का इस्तेमाल
पेंटिंग में भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट्स को आसमान में उड़ते हुए दिखाया गया है। जेट्स को बनाने में असली चांदी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे उनमें अलग चमक नजर आती है। आसमान में साफ तौर पर तिरंगा दिखता है, जिसके बीच अशोक चक्र बना है। तिरंगे को किचन नाइफ की स्ट्रोक्स से तैयार किया गया है, जो पेंटिंग को अलग लुक देता है। भोपाल का लैंडस्केप भी पेंटिंग में शामिल
पेंटिंग के नीचे भोपाल का लैंडस्केप दिखाया गया है, जिसमें झील और हरियाली नजर आती है। भोपाल को झीलों के शहर के रूप में जाना जाता है, इसलिए कलाकार ने अपने शहर को भी इस पेंटिंग का हिस्सा बनाया। इस पेंटिंग की मेन थीम भारतीय वायुसेना को सम्मान देना है। यह वायुसेना के साहस, ताकत और समर्पण को दर्शाती है। ‘हमारे सैनिकों की बहादुरी पर हमें गर्व है’ नवाब जहां कहती हैं, “हमारे सैनिकों की वजह से ही हम सुरक्षित हैं। उनकी बहादुरी पर हमें गर्व है। अपनी कला के जरिए मैं उन्हें सम्मान देना चाहती हूं। नवाब जहां इस पेंटिंग को भारतीय सेना को भेंट करना चाहती हैं, ताकि इसे भोपाल के योद्धास्थल संग्रहालय में रखा जा सके और लोग इसे देख सकें।


