वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल गणतंत्र दिवस के इंतजामों की पड़ताल करने सड़क पर उतरे। सीपी के भ्रमण करते ही पुलिसकर्मी इंतजामों को दुरुस्त कराते नजर आए। पुलिस कमिश्नर ने यातायात, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया, खामियों पर सुधार के निर्देश दिए। पुलिस बल के साथ चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट एवं रामापुरा आदि क्षेत्रों में बिंदुवार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। कानून, शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर फोकस किया। मैदागिन से मणिकर्णिका घाट तक तथा दशाश्वमेध घाट से रामापुरा तक पैदल दौरा कर मौके पर यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण का जायजा लिया गया। जोन के संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रमुख बिंदुओं पर बेहतर करने की बात कही। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने जगह जगह तैनात पुलिस बल की विधिवत ब्रीफिंग भी की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क रखने की बात भी कही। अतिक्रमण एवं यातायात नियम उल्लंघन पर सख्ती के लिए गाइडलाइन बताई। बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो । स्पष्ट किया गया कि कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अफसरों ने बताया कि सुबह एक राजनीतिक पार्टी द्वारा बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास किया गया, जिसे मौके पर पर्याप्त पुलिस बल लगाकर तत्काल रोका गया । माघ मेला के पलट प्रवाह से बढ़ी भीड़ एवं गणतंत्र दिवस को दृष्टिगत रखते हुए हाई अलर्ट घोषित कर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी, होटल-ढाबों पर चेकिंग तथा बाहरी व्यक्तियों की आईडी जांच को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि वाराणसी पुलिस आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत रूप से प्रतिबद्ध है, इसका पालन करें।


