मथुरा के थाना शेरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत गांव अस्तोली के समीप रविवार शाम एक सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे नौहझील मार्ग पर हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गांव अस्तोली निवासी प्रभु दयाल पुत्र बलदेव यादव (लगभग 55 वर्ष) और छनवीर पुत्र रमेश के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


