हरदोई के खिम्मपुरवा, सांडी निवासी कैलाश चंद्र 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्यपथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्हें गंगा संरक्षण में उनके सतत और प्रभावशाली योगदान के लिए ‘गंगा योद्धा’ की उपाधि से सम्मानित किया गया है। कैलाश चंद्र वर्षों से गंगा और अन्य नदियों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा स्वच्छता अभियानों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना और जिला गंगा समिति के माध्यम से लोगों को नदियों की स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त तट, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिला प्रशासन ने कैलाश चंद्र के निरंतर प्रयासों, जनभागीदारी बढ़ाने और गंगा संरक्षण में उनकी अग्रणी भूमिका को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए नामित किया है। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, श्री अश्वनी कुमार मिश्रा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कैलाश चंद्र का कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कैलाश चंद्र की इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। उनका यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण का प्रतीक है, बल्कि पूरे हरदोई जनपद के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय भी है।


