सहारनपुर में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस:मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने दिलाई मतदाता शपथ, उत्कृष्ट बीएलओ सम्मानित

सहारनपुर में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस:मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने दिलाई मतदाता शपथ, उत्कृष्ट बीएलओ सम्मानित

सहारनपुर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जनमंच सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया और अधिकारियों, कर्मचारियों व आम नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरी वोट” रही, जबकि टैगलाइन “सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी” रखी गई। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का मतदाता जागरूकता संदेश वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक देखा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। उन्होंने लोगों से बिना किसी दबाव, लालच या भेदभाव के निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी मजबूती जागरूक व जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि एक जागरूक मतदाता देश की सरकार चुनने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने मतदाताओं से मतदान प्रक्रिया को सही ढंग से समझने, दुष्प्रचार से बचने और विवेकपूर्ण निर्णय लेने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को लोकतंत्र की मजबूत नींव बताते हुए मतदान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने नए मतदाताओं को वोटर बनने की आयु सीमा, नियम, आवश्यक फॉर्म और संबंधित मोबाइल ऐप की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *