कानपुर जीआरपी पुलिस ने एक साल से वांछित चल रहे आरोपित को रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उस पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप है, जिसके चलते पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। आरोपित के साले ने 28 फरवरी 2025 को इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में कहा गया था कि उनकी बहन को जीजा और उसके ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित करते थे। जीआरपी इंस्पेक्टर ओमनारायण सिंह ने बताया कि 23 फरवरी 2025 को कानपुर सेंट्रल की चौकी झींझक पर एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। शव की शिनाख्त कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी पूनम तिवारी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। 28 फरवरी को मृतका के भाई राहुल अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन पूनम की शादी जून 2007 में तेजस्वी शंकर तिवारी के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद से तेजस्वी और उसके परिवार के लोग पूनम को प्रताड़ित करने लगे थे। राहुल के अनुसार, 23 फरवरी 2025 को ससुरालियों ने पूनम को मारपीट कर घर से भगा दिया था। इसी से आहत होकर पूनम ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। जीआरपी इंस्पेक्टर के मुताबिक, आरोपी तेजस्वी तिवारी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई थी। उसकी लोकेशन मिलने पर उसे रविवार सुबह 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


