संभल में दो नई पुलिस चौकियां शुरू:डीएम-एसपी ने बालिकाओं से कटवाया फीता, मिलेगा सुलभ न्याय

संभल में दो नई पुलिस चौकियां शुरू:डीएम-एसपी ने बालिकाओं से कटवाया फीता, मिलेगा सुलभ न्याय

संभल जिले में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया गया। थाना कैलादेवी क्षेत्र में खिरनी और थाना हयातनगर क्षेत्र में चंद्रेश्वर धाम पुलिस चौकी का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी (डीएम) डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण विश्नोई ने स्कूल की छात्राओं से फीता कटवाकर इन चौकियों की शुरुआत की। रविवार शाम 4:30 बजे खिरनी पुलिस चौकी का फीता छात्रा सीता ज्योति ने काटा, जबकि शाम 5:30 बजे चंद्रेश्वर धाम पुलिस चौकी का उद्घाटन छात्रा हादिया ने किया। इस अवसर पर डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, एसपी कृष्ण विश्नोई, बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू और एएसपी आलोक भाटी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विधि-विधान पूर्वक आयोजित हवन में आहुति दी। पहले 5 तस्वीरें देखिए… एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत इन पुलिस चौकियों का उद्घाटन स्कूल में पढ़ने वाली दो बच्चियों ज्योति और हादिया ने किया है। कार्यक्रम में पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी, छत्रपाल, मुकेश गोयल, अक्षित अग्रवाल, मुकेश शर्मा, संजय गुप्ता पोली, सोनू चाहल, गणेश शर्मा, राहुल शर्मा, चंद्रेश आर्य आदि भी उपस्थित रहे। बीजेपी जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने इस अवसर पर कहा कि संभल जनपद में लगातार पुलिस चौकियों की स्थापना हो रही है। उन्होंने बताया कि खिरनी और चंद्रेश्वर पुलिस चौकी का उद्घाटन इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने जोर दिया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इन चौकियों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सीओ आलोक भाटी ने इन चौकियों के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इनका मुख्य लक्ष्य जनता को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इन चौकियों के माध्यम से लोगों को अपने छोटे-मोटे मामलों के लिए थाने जाने की आवश्यकता कम होगी और उनका निस्तारण आसानी से हो सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *