दैनिक भास्कर, चंबल फाउंडेशन कोटा, कोटा फन राइडर्स सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आज आयोजित तिरंगा साइकिल मार्च में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम संयोजक बृजेश शर्मा नीटू ने बताया कि मार्च का शुभारंभ प्रातः 9 बजे आईएल मंदिर से गुब्बारे उड़ाकर किया गया। उद्घाटन वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सकेत गोयल, दैनिक भास्कर के संपादक नरेंद्र जाट, मिल मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस साइकिल मार्च में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मार्च आईएल मंदिर से शुरू होकर तलवंडी सर्किल, तीन बत्ती सर्किल, छोटा चौराहा, दादाबाड़ी सर्किल, ज्योति मंदिर, जवाहर नगर, सुवि आई हॉस्पिटल होते हुए पुनः आईएल मंदिर पर संपन्न हुआ। मार्च से पूर्व कोटा फन राइडर्स के साइकिलिस्टों ने रोमांचक करतब दिखाए, वहीं शिहांस मार्शल आर्ट के बच्चों ने भी हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन, आईसीएआई, अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा शाखा, श्री हनुमतेश्वर महादेव मंदिर नवयुवक मंडल सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्वयंसेवी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संयोजक बृजेश शर्मा नीटू ने बताया कि वर्ष 2021 से शुरू हुआ यह आयोजन अब पूरे शहर का अभियान बन चुका है, जिसमें हर वर्ष समाज के विभिन्न वर्ग जुड़ते जा रहे हैं।


