गणतंत्र दिवस भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट:SSB और नेपाल पुलिस ने किया संयुक्त फ्लैग मार्च

गणतंत्र दिवस भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट:SSB और नेपाल पुलिस ने किया संयुक्त फ्लैग मार्च

पीलीभीत में आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि राष्ट्रीय पर्व में कोई व्यवधान न पड़े। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी पूरनपुर प्रतीक दहिया के नेतृत्व में रविवार को भारतीय सीमा सुरक्षा बल (SSB), थाना माधौटांडा पुलिस और नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवानों ने सीमा रेखा (नो मैन्स लैंड) पर संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग की। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच समन्वय स्थापित करना और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना है। गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत बॉर्डर पर ‘हाई अलर्ट’ घोषित है। पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में आवागमन करने वाले व्यक्तियों की गहनता से चेकिंग की। अवैध तस्करी, विशेषकर नशीले पदार्थों और हथियारों की आवाजाही रोकने के लिए खुफिया तंत्र सक्रिय किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों और आपराधिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है, साथ ही सीमा पार करने वालों के पहचान पत्रों का बारीकी से सत्यापन भी किया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया ने जवानों को निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दोनों देशों की सेनाओं और पुलिस के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। जंगलों और कच्चे रास्तों पर भी गश्त बढ़ाई गई है ताकि कोई भी अवांछित तत्व भारतीय सीमा में प्रवेश न कर सके। पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से सीमावर्ती गांवों के निवासियों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *