Rajasthan Sarpanch Ki Salary: राजस्थान में पंचायती राज व्यवस्था को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। 15 अप्रैल 2026 तक पंचायती और जिला परिषदों के चुनाव राजस्थान में होने वाले हैं। इसके लिए जरूरी परिसीमन की प्रक्रिया भी 31 दिसंबर 2025 तक किया जाना है। माना जा रहा है कि पंच और सरपंच के चुनाव 20 मार्च 2026 तक करा लिए जाएंगे। इसके बाद पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव अप्रैल महीने में हो सकते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं इस चुनाव में सबसे हॉट पद सरपंच को कितनी सैलरी मिलती है? आइये जानते हैं।
Salary Of Sarpanch In Rajasthan: सरपंच को कितनी मिलती है सैलरी
अप्रैल 2025 से राजस्थान में सरपंच का मासिक मानदेय बढ़कर 6,072 रुपये हो चुका है। पहले यह 4,800 रुपये था। अप्रैल 2024 में इसमें 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और मानदेय 5,520 रुपये पहुंचा। इसके बाद फरवरी 2025 में 10 फीसदी और इजाफा किया गया, जिसके बाद मौजूदा राशि तय हुई।
विकास कार्यों के लिए अलग फंड
सरपंच को सिर्फ मानदेय ही नहीं मिलता, बल्कि गांव के विकास के लिए अलग से सरकारी फंड भी दिया जाता है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से 15वें वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग के तहत यह राशि आती है। इस फंड से सरपंच गांव में सड़कों, नालियों, पानी, रोशनी जैसे कामों को आगे बढ़ा सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, वे करीब 10 लाख रुपये तक के विकास कार्यों को मंजूरी देने की स्थिति में होते हैं।
Rajasthan Panchayat Chunav: कौन बन सकता है सरपंच?
अगर कोई सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसके लिए कुछ बुनियादी शर्तें तय हैं। उम्मीदवार की उम्र कम से कम 21 साल होनी चाहिए। साथ ही उसका उसी ग्राम पंचायत का निवासी होना जरूरी है, जहां से वह चुनाव लड़ रहा है।


