इंडोनेशिया (Indonesia) में पिछले कुछ महीनों से मौसम कहर बरपा रहा है। देश में कई जगह बारिश से हाल बेहाल हैं। समय-समय पर मौसमी आपदाओं के मामले देखने को मिलते हैं। शनिवार को देश के पश्चिम जावा (West Java) प्रांत में स्थित बांडुंग (Bandung) शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित गांव पासिरलांगु (Pasirlangu) में मूसलाधार बारिश के बाद भीषण लैंडस्लाइड हो गया, जिससे तबाही मच गई।
मरने वालों की संख्या पहुंची 16
इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत में स्थित बांडुंग शहर के पासिरलांगु गांव में हुए लैंडस्लाइड की वजह से पहले 7 लोगों के मरने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि अब आपदा प्रबंधन एजेंसी ने अपडेट दिया है कि लैंडस्लाइड की वजह से मरने वालों की संख्या 16 हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
कई लोग अभी भी लापता
पासिरलांगु गांव में लैंडस्लाइड लोकल समयानुसार तड़के सुबह करीब 2 बजे हुआ। उस समय गांववासी सो रहे थे। अचानक हुए लैंडस्लाइड की वजह से लोगों को भागने का भी मौका नहीं मिला। ऐसे में कब लोग मलबे के नीचे दब गए हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है, लेकिन बारिश और मलबे की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी हो रही है।
कई घर हुए तबाह
इस लैंडस्लाइड की वजह से गांव के कई घर पूरी तरह से तबाह हो गए हैं और मलबे में तब्दील हो गए हैं। कई लोग बेघर हो गए हैं। जगह-जगह सड़कों में भी गड्ढे हो गए हैं।


