बिना लाइसेंस मकान में बन रहे थे पटाखे:करनाल पुलिस ने भारी खेप पकड़ी,सफेद पिकअप से 100 पेटी पेंसिल पटाखे बरामद

करनाल के सुरजनगर इलाके में अवैध रूप से पटाखे बनाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मकान में बिना अनुमति पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में मकान के अंदर महिलाएं पटाखे बनाती मिलीं, जबकि बाहर खड़ी गाड़ी से बड़ी मात्रा में तैयार माल बरामद हुआ। मौके पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम भी पहुंची और जांच की। पुलिस गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना, तुरंत पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना थी कि सुरजनगर कटाबाग क्षेत्र में एक मकान के अंदर पेंसिल वाले छोटे पटाखे बनाए जा रहे हैं, जो जमीन पर मारने से आवाज करते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सुरजनगर पहुंची। इंफोर्मर ने मौके पर मकान की पहचान करवाई, जिसके बाहर सफेद रंग की बलेरो पिकअप खड़ी थी। मकान के अंदर महिलाएं बना रही थीं पटाखे
पुलिस ने जब मकान के अंदर जाकर जांच की तो वहां कुछ महिलाएं छोटे पेंसिल पटाखे बनाती हुई मिलीं। मौके पर मौजूद लोगों से मालिक के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद मकान मालिक को मौके पर बुलाया गया। पटाखे बनाने से संबंधित परमिशन और लाइसेंस के बारे में पूछे जाने पर कोई डॉक्यूमेंट पेश नहीं किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने लिए सैंपल
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड करनाल को सूचना दी गई। कुछ समय बाद बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से रैड फास्फोरस और तैयार पटाखों के सैंपल लिए। इसके बाद पास खड़ी बलेरो पिकअप की जांच की गई। पिकअप से 100 पेटी तैयार पटाखे मिले
पुलिस जांच में बलेरो पिकअप के अंदर गत्ते की 100 पेटियां मिलीं। पेटियों को खोलकर देखा गया तो उनमें पेंसिल वाले छोटे पटाखों के डिब्बे भरे हुए थे। बरामद माल की मात्रा अधिक होने के कारण सभी पटाखों को उसी मकान के अंदर रखकर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की मौजूदगी में सील किया गया। गाड़ी जब्त, थाना सेक्टर 32-33 में मामला दर्ज
पुलिस ने सफेद रंग की बलेरो पिकअप को कब्जे में ले लिया। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ थाना सेक्टर 32-33 करनाल में बीती रात मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *