आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में चंदा मांगने को लेकर हुए विवाद में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से दो पक्षों की तरफ से जमकर मारपीट हो रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने पर मांगा जा रहा था चंदा जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डिहवा कूशमहारा में ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद चंदा मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जमकर मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पीड़ित सूरज ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद गांव में चंदा इकट्ठा किया जा रहा था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर उसके घर पहुंच गए और दरवाजा खोलकर बेरहमी से मारपीट की।सूरज का कहना है कि हमलावरों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। इस बारे में कप्तानगंज थाने की पुलिस का कहना है की वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


