गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से शनिवार को अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की गई। जंगल सिकरी में 25000 वर्ग मीटर में बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए यह प्लाटिंग की जा रही थी। अनूप यादव की ओर से 20 हजार वर्ग मीटर तो सूर्यप्रकाश यादव व अन्य मिलकर 5000 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर रहे थे। मौके पर पहुंची GDA की टीम ने यहां काम करा रहे लोगों से तलपट मानचित्र मांगा लेकिन उनकी ओर से कोई मानचित्र नहीं दिखाया जा सका। जिसके बाद प्रवर्तन दल ने तत्काल वहां किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के प्रभारी वाद प्रखर उत्तम के नेतृत्व में सहायक अभियंता संजीव तिवारी, अवर अभियंता राकेश कुमार और समस्त प्रवर्तन दल, क्षेत्रीय पुलिस बल थाना-खोराबार के सहयोग से मौके पर मौजूद रहे। जीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की सीमा के अंतर्गत भूमि पर किए जाने वाले सभी अतिक्रमण और अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई, उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत निरंतर जारी रहेगी। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी दशा में अवैध प्लाटिंग को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को भी की थी कार्रवाई प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को भी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की थी। निर्माणाधीन ताल रिंग रोड के किनारे बनाई गई बाउंड्री पर प्राधिकरण की ओर से रात में बुलडोजर चलाया गया। इससे ताल रिंग रोड के निर्माण में समस्या आ रही थी। काम प्रभावित न हो इसके लिए प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री को तोड़ दिया गया।


