जशपुर जिले में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में सुबह जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसमें लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा 20 सूत्रीय कार्यान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। गणतंत्र दिवस से पहले शुक्रवार को रणजीता स्टेडियम में समारोह का अंतिम रिहर्सल हुआ। कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रिहर्सल में डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। 15 परेड टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट का अभ्यास किया मुख्य परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे और टू-आईसी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर के नेतृत्व में कुल 15 परेड टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट का अभ्यास किया। इनमें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना (पुरुष एवं महिला), एनसीसी एन.ई.एस. महाविद्यालय जशपुर, एनसीसी जूनियर सेजेस हिन्दी माध्यम, एनसीसी एयर विंग जवाहर नवोदय विद्यालय, एनएसएस म.ल.बा.क.उ.मा.वि. जशपुर, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, कल्याण आश्रम, संत जेवियर्स शांति भवन, एनएसएस एन.ई.एस. महाविद्यालय और कन्या क्रीड़ा परिसर जशपुर शामिल थे। स्कूली बच्चों ने किया रिहर्सल स्कूली बच्चों ने पीटी परेड, समूह नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी रिहर्सल किया। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण और सलामी के बाद मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन होगा। इसके अतिरिक्त, शहीद परिवारों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न विभागों की झांकियां भी प्रदर्शित की जाएँगी। गरिमा और सादगी के साथ आयोजन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास ने बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा, अनुशासन और सादगी के साथ संपन्न होना चाहिए। फाइनल रिहर्सल में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा, एएसडीओपी चंद्रशेखर परमा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीआर राठिया और जयेश सौरभ टोपनो द्वारा किया गया।


