जामनगर : युवक की हत्या के आरोप में साला और मित्र गिरफ्तार

जामनगर : युवक की हत्या के आरोप में साला और मित्र गिरफ्तार

पुलिस ने रीक्रिएट कराया सीन

जामनगर. शहर के पंचेश्वर टावर इलाके में शुक्रवार सुबह एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मृतक के साले और मित्र को मौके पर ले जाकर शनिवार को सीन रीक्रिएट कराया। कोर्ट में पेश करने पर तीन दिन का रिमांड मंजूर किया गया।
पंचेश्वर टावर इलाके में एक अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट में रहने वाले युवक निलय कुंडलिया की शुक्रवार सुबह फ्लैट में घुसे दो लोगों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। शुरू में पता लगा कि युवक की हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग था। सिटी ए डिवीज़न पीआइ एन ए चावड़ा और पुलिस टीम ने मृतक की मां उषा की शिकायत पर मामला दर्ज किया।
आरोपियों की तलाश के लिए एलसीबी की टीम भी जुड़ गई। पीआइ वी एएम लागरिया के निर्देश पर टीम को जांच के दौरान अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरे से दो लोगों की तस्वीरें मिलीं। अपार्टमेंट के बाहर से बाइक से मौके से दोनों भाग गए थे।
पता लगा कि बाइक कालावड हाइवे की ओर गई थी। पुलिस टीम कालावड पहुंची, तो आरोपियों के जूनागढ़ हाइवे पर जामकंडोरणा की ओर भागने की जानकारी मिली। एलसीबी के पीएसआइ एन वी भाटिया ने जामकंडोरणा पुलिस से संपर्क किया और उस टीम की मदद से कालावड और जामकंडोरणा के बीच सतुदल गांव से से दो लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में जामनगर में गोकुलनगर के पास माधव बाग-1 में रहने वाले मनीष मोरी और जूनागढ़ में सक्करबाग के पास रहने वाले मित्र सोहिल सोढ़ा ने गुनाह कबूल किया। दोनों को गिरफ्तार कर सिटी ए डिवीजन पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
निलय ने करीब छह महीने पहले माधव बाग-1 में रहने वाले मनीष मोरी की बहन पूजा से प्रेम विवाह किया था। उसके बाद निलय और पूजा पंचेश्वर टावर के पास अपार्टमेंट में रह रहे थे। मनीष अपनी बहन के प्रेम विवाह से परेशान था। उसने अपनी बहन पर वापस लौटने का दबाव बनाया था, लेकिन पूजा नहीं लौटी, इसलिए मनीष गुस्से में था। दोनों आरोपियों को जामनगर लाने के बाद उन्हें सिटी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *