मंडला के नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। टिकरिया थाना क्षेत्र के भावल चौराहे के पास एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हैं। टकराते ही दूर जा गिरे बाइक सवार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 व टिकरिया पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान कोंडरा निवासी यमुना विश्वकर्मा (45) के रूप में हुई है। अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और टिकरिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने यमुना विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में महिला के पति उमेश विश्वकर्मा (50) के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं, उनकी 18 वर्षीय बेटी संगीता विश्वकर्मा का इलाज नारायणगंज अस्पताल में चल रहा है। पिकअप चालक पुलिस हिरासत में टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिकअप वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है।


