राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने प्रतापगढ़ के विकास खंड बाबा बेलखरनाथधाम परिसर में जनसुनवाई की और जनचौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान आयोग को महिला उत्पीड़न से संबंधित 35 शिकायतें प्राप्त हुईं। सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला उत्पीड़न के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाए और उन्हें लाभान्वित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महिला आयोग पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने महिलाओं से जनसुनवाई के दौरान अपनी उत्पीड़न संबंधी शिकायतें प्रार्थना पत्र के माध्यम से दर्ज कराने का भी आह्वान किया।
जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। आयोग की सदस्य और अन्य लोगों ने इन प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर 05 लखपति दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, 03 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 01 बच्चे का अन्नप्रासन संस्कार भी कराया गया।कार्यक्रम में विधायक विश्वनाथगंज ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के विभागीय कार्यों, कुपोषण दूर करने में उनकी भूमिका और अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।


