उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रतिभाग किया गया। उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आज हरिऔध कला केन्द्र आजमगढ़ में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव की उपस्थिति में किया गया। इसके पूर्व राज्यमंत्री द्वारा हरिऔध कला केन्द्र के ऑडिटोरियम में यूपी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा बनायी गयी जनपद आजमगढ़ पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को राज्य का दर्जा 24 जनवरी 1950 को मिला था। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश, सर्वाेत्तम प्रदेश, विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री के 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ कदम मिलाते हुए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 2017 से 2026 तक 9 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देकर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही प्राइवेट सेक्टर और स्वरोजगार के माध्यम से लगभग 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है तथा संविदा के क्षेत्र में 3.75 लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया गया है। उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है केंद्र का रास्ता प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश यादव का कहना है कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों को पक्के मकान और आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल और 24 घंटे बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होने कहा कि हमारी सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वन डिस्ट्रिक्ट वन खेल के बाद अब सरकार वन डिस्ट्रिक्ट वन व्यंजन की दिशा में कदम बढ़ा रही है। यह योजना उत्तर प्रदेश के साथ-साथ जनपद की एक नई ताकत बनेगी। प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, विंध्यवासिनी कॉरिडोर और काशी में बाबा भोलेनाथ के मंदिर का जीर्णाेद्धार, नैमिषारण्य, शाकुंभरी देवी और अन्य धार्मिक स्थलों का विस्तार और विकास ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होने कहा कि जब भारत विकसित होगा, उस समय सबसे पहले उत्तर प्रदेश विकसित होगा। देश के विकास का रास्ता यूपी से होकर जाता है। राज्यमंत्री द्वारा हरिऔध कला केन्द्र के परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का फीटा काटकर शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर जिले के सीडीओ परीक्षित खटाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


