मंत्री बेढ़म ने शिक्षा को समाज की क्रांति बताया:गुर्जर प्रतिभा सम्मान में IAS, RPS छात्रों की सराहना की; स्मृति चिह्न से किया सम्मानित

मंत्री बेढ़म ने शिक्षा को समाज की क्रांति बताया:गुर्जर प्रतिभा सम्मान में IAS, RPS छात्रों की सराहना की; स्मृति चिह्न से किया सम्मानित

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को अलवर-डीग बॉर्डर पर आयोजित गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर समाज में शिक्षा के प्रति आई जागृति को एक क्रांति बताया। यह समारोह गुर्जर सेवा समिति, बृजनगर द्वारा आयोजित किया गया था। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि समाज में प्रचार-प्रसार और जागरूकता के कारण ही आज बच्चे 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि समाज की प्रतिभाएं अब आरएएस, आरपीएस, आईपीएस और आईएएस बनकर देश की सर्वोच्च सेवाओं में अपना स्थान बना रही हैं। मंत्री बेढ़म ने जनता से जुड़ते हुए कहा कि वे केवल एक मंत्री नहीं, बल्कि उनके प्रतिनिधि हैं और जनता के आशीर्वाद से ही वे राजस्थान सरकार में सेवा कर पा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष द्वारा उठाई गई सभी मांगों और विषयों पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। गृह राज्य मंत्री ने गुर्जर सेवा समिति और ऐसी अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं ने शिक्षा की जो ज्वाला लोगों के दिलों में जगाई है, उसी से युवा अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। समारोह की झलकियां
समारोह में गृह राज्य मंत्री ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और समाजसेवियों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति और समाज के वरिष्ठ जनों की मौजूदगी रही, जिन्होंने मंत्री के विचारों का समर्थन करते हुए समाज उत्थान का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *