लखीमपुर खीरी में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पुलिस लाइन खीरी में आयोजित होने वाली रैतिक परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की टोलियों, उनकी ड्रिल, मार्च-पास्ट, ड्रेस और वेशभूषा का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने आपात सेवा यूपी-112 की दो पहिया व चार पहिया पीआरवी, स्वान दल, दंगा नियंत्रण वाहन, फायर सर्विस तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा की जा रही परेड रिहर्सल का भी जायजा लिया। इस दौरान ध्वजारोहण कर परेड का पूर्वाभ्यास भी कराया गया। एसपी शर्मा ने परेड की प्रत्येक गतिविधि को परखा और इसे अधिक अनुशासित, सुव्यवस्थित व आकर्षक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। देखें 4 तस्वीरें… इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जनपद खीरी पुलिस गणतंत्र दिवस समारोह को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।


