सलूंबर में विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम जनजागरण अभियान के तहत भाजपा उदयपुर देहात ने विधानसभा स्तरीय जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन बरोड़ा ग्राम पंचायत स्थित बारोलजी सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक शांता देवी अमृतलाल मीणा ने की, जबकि भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी मुख्य वक्ता रहे। 100 से बढ़ाकर 125 दिन रोजगार सम्मेलन में मुख्य वक्ता चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि कांग्रेस यह गलत प्रचार कर रही है कि मनरेगा बंद कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के तहत मनरेगा में रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं। जोशी ने बताया कि भुगतान में देरी होने पर श्रमिकों को पेनल्टी सहित भुगतान मिलेगा, और रोजगार में विलंब होने पर बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा। साथ ही प्रशासनिक व्यय 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे नरेगा कार्मिकों को पर्याप्त मानदेय मिल सकेगा। जोशी ने आगे कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से ग्राम सभाओं द्वारा विकसित भारत पंचायत योजना के तहत विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजे जाएंगे। जीपीएस आधारित निगरानी, बायोमेट्रिक प्रणाली और डीबीटी से भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। विधायक का कांग्रेस पर निशाना सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए विधायक शांता देवी अमृतलाल मीणा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठे मुद्दों के सहारे राजनीति चमकाने की असफल कोशिश कर रही है। मीणा ने जोर देकर कहा कि जी-राम-जी अधिनियम से महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज और रामराज्य की कल्पना साकार होगी। इससे वास्तविक हकदार मजदूरों को फायदा मिलेगा और गांवों में स्थायी विकास कार्य होंगे। सम्मेलन में उपस्थित मनरेगा श्रमिकों, मजदूर संगठनों और किसानों ने विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। यह प्रस्ताव विधायक शांता देवी मीणा को सौंपा गया। इस अवसर पर जिला सह संयोजक दुर्गा प्रसाद मीणा, जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा और जिला मंत्री करण सिंह पंवार ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।


