संभल में एक महिला की उसकी दो साल की बेटी के सामने सिर कूचकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर पति सहित आठ ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मासूम बच्ची देर रात एक ग्राम प्रधान को मिली थी, लेकिन वह घटना के बारे में कुछ बता नहीं पाई। यह घटना संभल जनपद के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव सिसौटा और बहाउद्दीनपुर के बीच जंगल में हुई। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे चरन सिंह के खेत में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सिसौटा निवासी 32 वर्षीय शहबुल निशा पत्नी मुजम्मिल के रूप में हुई। पहले 2 तस्वीरें देखिए… फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह और एएसपी आलोक भाटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शहबुल निशा अपनी दो साल की बेटी चेहरा के साथ अपनी मौसी परवीन के इंतकाल में शामिल होने गई थी। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे वह घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई। 14 साल पहले हुई थी शादी
मुरादाबाद जनपद के थाना कटघर स्थित गांव मछरिया निवासी नजर मोहम्मद पुत्र मोहम्मद जान ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 14 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी साहुल निशा की शादी सिसौटा निवासी मुजम्मिल पुत्र नन्हे से की थी। उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली और मौके पर पहुंचने पर देखा कि ससुराल वाले फरार हो गए थे। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति मुजम्मिल पुत्र नन्हे, ससुर नन्हे पुत्र बाबू, देवर उवैस पुत्र नन्हे, ननद शाईबीन व नाजमीन पुत्रीगण नन्हे, चचेरा ससुर मतलूब पुत्र बाबू, तहेरा देवर राबिल पुत्र इल्लियास और कामिल पुत्र इल्लियास (सभी निवासी ग्राम सिसौटा, थाना हजरतनगर गढ़ी) के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 103(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ASP आलोक भाटी ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट से मौत होने की स्पष्ट जानकारी होगी और इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।


