UP: नोएडा में पुरानी रंजिश के चलते बारातियों परहमला, कई लोग घायल

UP: नोएडा में पुरानी रंजिश के चलते बारातियों परहमला, कई लोग घायल

उत्तर प्रदेश के नोएडा में पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार की रात को बारात चढ़त के समय कुछ लोगों ने बारातियों के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मारपीट में घायल बाराती जगनपुर गांव के रहने वाले हैं। जगनपुर गांव के ही कुछ लोगों पर दादरी क्षेत्र में आकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से बारातियों पर हमला करने का आरोप लगा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन-तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि दनकौर थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव से दादरी थाना क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में बारात आई थी। बारात में देशराज सिंह अपने पूरे परिवार के साथ आए थे।

बारात चढ़त से पहले मिलाई की जा रही थी। इस दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी, जिसके कारण बारात में अफरातफरी का माहौल हो गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने देशराज, उनके बेटे देवेंद्र, वीरेंद्र, राजेंद्र और भतीजे श्रीनिवास और अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। इस हमले में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) ने बताया कि दोनों पक्ष जगनपुर गांव के रहने वाले हैं। पुरानी रंजिश को लेकर बारात में झगड़ा हुआ। मारपीट में कई लोग घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक जगनपुर गांव में दोनों पक्षों के बीच करीब तीन महीने पहले भी झगड़ा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *