बागपत में बिना तलाक दूसरी शादी, पहली पत्नी ने रुकवाई:युवक को पुलिस ने थाने में बिठाया, कार्रवाई से किया इनकार

बागपत में बिना तलाक दूसरी शादी, पहली पत्नी ने रुकवाई:युवक को पुलिस ने थाने में बिठाया, कार्रवाई से किया इनकार

बागपत कोतवाली क्षेत्र के नेथला गांव में एक व्यक्ति को अपनी पहली पत्नी से तलाक लिए बिना दूसरी शादी करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पहली पत्नी ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी और हंगामा किया। यह घटना शुक्रवार को हुई जब दूल्हा दूसरी शादी के लिए नेथला गांव पहुंचा था। सूचना मिलने पर दिल्ली निवासी पहली पत्नी अपने मायके पक्ष के साथ मौके पर पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और हाथापाई हुई। ग्रामीणों ने बारातियों को एक मकान में बैठा दिया। हालात बिगड़ते देख दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। पहली पत्नी ने बताया कि उसकी शादी 13 साल पहले नांगलोई निवासी अनुराग से हुई थी। उनकी 12 वर्षीय बेटी है। महिला का आरोप है कि बेटा न होने और दहेज की मांग के चलते वह वर्ष 2015 में मायके आ गई थी। पति ने उसे जानकारी दिए बिना न्यायालय से एकतरफा तलाक ले लिया था। महिला को जब तलाक की जानकारी हुई, तो उसने न्यायालय में याचिका दाखिल की। उच्च न्यायालय ने मामले में संज्ञान लेते हुए तलाक पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद आरोपी युवक दूसरी शादी करने के लिए बागपत पहुंचा था। पहली पत्नी ने अपने पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। दुल्हन के परिजनों ने बताया कि रिश्ता तय करते समय दूल्हे ने पहली पत्नी से तलाक होने की बात कही थी, लेकिन मामला न्यायालय में विचाराधीन है यह नहीं बताया था यह एक धोखाधड़ी जैसा है ऐसे मामले में भी कार्रवाई होनी चाहिए। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष दिल्ली के निवासी हैं और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई वहीं से की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और शांति भंग करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *