केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीएम डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जबलपुर बंगाली क्लब संस्था के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि बंगाल में बंगाली असुरक्षित हैं, जिनकी सुरक्षा करना होगी। उन्होंने बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश को कई नेशनल लीडर दिए हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस व देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सहित अन्य हस्तियां बंगाल से मिली थीं। केंद्रीय मंत्री और सीएम ने इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस को जबलपुर की धरती ने ही कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था, जबकि कांग्रेस नहीं चाहती थी कि वह अध्यक्ष बने। दोनों नेता गैरिसन ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना कार्यक्रम में भी शामिल हुए। सीएम ने दोपहर में उद्योगपतियों के साथ बैठक की। इसमें यह बात सामने आई कि कृषि, पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों को लेकर निवेश प्रस्तावों पर काम किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि भोपाल, इंदौर की तर्ज पर जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटिन सिटी में बदला जाएगा। मंत्री राकेश सिंह के प्रयास को सीएम ने सराहा… नर्मदा आरती में भी शामिल हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा प्राचीन जबलपुर में प्राचीन जल बावड़ियों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। रानी दुर्गवती के समय की बावड़ी को फिर से सजाया संवारा गया है। इसको जल मंदिर नाम दिया है। उसी बावड़ी को देखने केंद्रीय मंत्री नड्डा और सीएम डॉ. यादव पहुंचे। सीएम ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रयास को बहुत सराहा। शाम को सीएम के साथ केंद्रीय मंत्री नड्डा गौरी घाट पर मां नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए।


