खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26: संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में ग्वालियर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26: संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में ग्वालियर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

ग्वालियर. मप्र शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार खेलो एमपी यूथ गेम्स 2025-26 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्वालियर संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं जिला खेल परिसर कम्पू, गजराराजा विद्यालय, एमएलबी महाविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय खेलगांव सहित शहर के विभिन्न खेल मैदानों में संपन्न हुईं। इन प्रतियोगिताओं में ग्वालियर संभाग के भिण्ड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर एवं दतिया जिलों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हॉकी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, खो-खो, तैराकी, टेबल टेनिस, मल्लखम्ब, कुश्ती, जूडो, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, पिट्टू, बास्केटबॉल, टेनिस, योगासन, रस्साकसी, कबड्डी, आर्चरी, फेंसिंग एवं थ्रोबॉल सहित अनेक खेलों में रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में ग्वालियर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। वॉलीबॉल के बालिका वर्ग में ग्वालियर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग में शिवपुरी विजेता रहा। बास्केटबॉल में ग्वालियर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया। कबड्डी में ग्वालियर-ए टीम ने दमदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया, वहीं फुटबॉल में शिवपुरी की टीम अव्वल रही। खो-खो, रस्साकसी और पिट्टू जैसे खेलों में भी ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आर्चरी में ग्वालियर की काव्य रैकवार एवं अर्चना भोसले ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि टेनिस में अर्नव दीक्षित विजेता रहे। बैडमिंटन, योगासन और अन्य स्पर्धाओं में भी कई खिलाड़ियों ने पदक जीते।

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 28 से 31 जनवरी 2026 के बीच आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ग्वालियर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं कबड्डी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं 24 जनवरी को जिला खेल परिसर कम्पू एवं एमएलबी कॉलेज, ग्वालियर में आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *