लखीमपुर खीरी में उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का आयोजन महोत्सव के रूप में किया जाएगा। प्रशासन ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आईटीआई ओपन ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय कार्यक्रम शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होगा। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजेश वर्मा इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने यूपी दिवस कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा की, जिसमें मुख्य पंडाल, सांस्कृतिक मंच और विभागीय स्टालों की तैयारियां शामिल थीं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने निर्देश दिए कि विभागीय स्टालों पर केवल योजनाओं की जानकारी न दी जाए, बल्कि पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़कर वास्तविक लाभ भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध, जिम्मेदार और जन-हितैषी कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व में सभी विभाग इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान सभी विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की और उन्हें अपने उत्तरदायित्वों का ठीक से निर्वहन करने के निर्देश दिए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने नगरवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित इस आयोजन में भाग लें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही यूपी दिवस समारोह की सफलता सुनिश्चित होगी। यूपी दिवस समारोह में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ‘लखीरा’ ब्रांड के उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इन स्टालों पर ग्रामीण और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे महिलाओं के हुनर और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।


