शेख हसीना ने यूनुस सरकार के खिलाफ बड़ा ऐलान, कहा- विदेशी सेवा करने वाली कठपुतली…

शेख हसीना ने यूनुस सरकार के खिलाफ बड़ा ऐलान, कहा- विदेशी सेवा करने वाली कठपुतली…

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने शुक्रवार को मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर जमकर निशाना साधा है। पूर्व पीएम ने कहा कि उनका देश इस समय खून से लथपथ है और विनाश की कगार पर खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में आजादी हासिल करने वाला बांग्लादेश अब कट्टरपंथी सांप्रदायिक ताकतों और विदेशी साजिशकर्ताओं के हमले से तबाह हो चुका है।

फांसी का मैदान बना बांग्लादेश

नई दिल्ली से एक ऑनलाइन ऑडियो संदेश के जरिए एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेख हसीना ने कहा कि बांग्लादेश अब “एक विशाल जेल, फांसी का मैदान और मौत की घाटी” बन चुका है। बता दें कि अगस्त 2024 में ढाका छोड़ने के बाद से वह भारत की राजधानी में निर्वासन में रह रही हैं।

शेख हसीना ने कहा, “बांग्लादेश आज इतिहास के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहा है। मुक्ति संग्राम से हासिल किया गया हमारा मातृभूमि अब चरमपंथी ताकतों के हमले से लहूलुहान है। पूरा देश आज एक घाव बना हुआ है।”

मोहम्मद यूनुस पर तीखा हमला

शेख हसीना ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख और मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने यूनुस को “सूदखोर, मनी लॉन्डरर, लुटेरा और सत्ता का भूखा गद्दार” बताया।

पूर्व पीएम ने कहा कि हर तरफ सिर्फ लोगों की चीखें सुनाई देती हैं: जीवन की भीख और मदद की पुकार। कातिल फासीवादी यूनुस ने अपनी नीतियों से देश को निचोड़ लिया है और मातृभूमि की आत्मा को दागदार कर दिया है।

उन्होंने बांग्लादेश के लोगों से एक ऐसे शासन के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह किया जिसे उन्होंने “विदेशी हितों की सेवा करने वाला कठपुतली शासन” करार दिया और लोकतांत्रिक संस्थानों के पुनरुद्धार की अपील की।

‘साजिश के तहत सत्ता से हटाया गया’

शेख हसीना ने दावा किया कि 5 अगस्त 2024 को “एक सुनियोजित साजिश” के तहत उन्हें सत्ता से बेदखल किया गया। उन्होंने कहा कि यूनुस और उनके “राष्ट्र-विरोधी उग्रवादी सहयोगियों” ने एक निर्वाचित सरकार को गिराया।

उन्होंने कहा, “उस दिन से देश आतंक के युग में धकेल दिया गया है। लोकतंत्र आज निर्वासन में है।”

BNP पर भी निशाना

इससे पहले शुक्रवार को अवामी लीग के आधिकारिक फेसबुक पेज पर जारी एक अन्य ऑडियो संदेश में शेख हसीना ने विपक्षी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) पर भी तीखा हमला किया। गौरतलब है कि आगामी चुनावों में BNP को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *