मां नर्मदा प्रकटोत्सव शनिवार से होगा शुरू:जलमंच तक बोट से पहुंचे अधिकारी, देखी व्यवस्था

मां नर्मदा प्रकटोत्सव शनिवार से होगा शुरू:जलमंच तक बोट से पहुंचे अधिकारी, देखी व्यवस्था

मां नर्मदा का प्राकट्योत्सव एवं नगर गौरव दिवस 24 एवं 25 जनवरी को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। नर्मदा जयंती पर वाटर लेजर शो एवं आतिशबाजी भी प्रदर्शन होगा। शनिवार को सुबह 10 बजे सेठानी घाट पर मंगलाचरण एवं पूजन अर्चना के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। 10:30 बजे इंद्रधनुष कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नर्मदा जयंती महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी आएंगे। नर्मदा प्रकटोत्सव के कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखने के लिए शुक्रवार शाम को एसपी सांई कृष्णा थोटा, जिला पंचायत के सीईओ हिमांशु जैन, एडीएम राजीव रंजन पांडे ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। हेलीपैड से लेकर सेठानी घाट तक की व्यवस्था को अफसरों ने देखा। सुरक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने भोपाल तिराहे पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार ट्रैफिक प्लान और रूट चार्ट की विस्तार से समीक्षा की। एसपी, सीईओ, एडीएम ने सर्किट हाउस से जल मंच तक के जल मार्ग का निरीक्षण बोट के माध्यम से किया। अधिकारियों ने प्रत्येक प्वाइंट पर रुककर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं प्रबंधन संबंधी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम राजीव रंजन, एडिशनल एसपी अभिषेक राजन, अपर कलेक्टर अनिल जैन, एसडीएम जय सोलंकी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर नीता कोरी, डीएसपी संतोष मिश्रा, एसडीओपी जितेंद्र पाठक सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *