चंडीगढ़ ऑनलाइन निवेश के नाम पर 1.39 करोड़ ठगे:वॉट्सऐप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग ऐप से जोड़ा, पैसे नहीं दिए तो दी धमकी

चंडीगढ़ ऑनलाइन निवेश के नाम पर 1.39 करोड़ ठगे:वॉट्सऐप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग ऐप से जोड़ा, पैसे नहीं दिए तो दी धमकी

चंडीगढ़ में ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से करीब 1 करोड़ 39 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने वॉट्सऐप ग्रुप, फर्जी ई-मेल आईडी, नकली ट्रेडिंग ऐप और कई बैंकों के खातों के जरिए इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर क्राइम सेल के माध्यम से जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-48-ए की पंचम सोसाइटी निवासी मनप्रीत भाटिया के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में खुद को शेयर मार्केट और आईपीओ का विशेषज्ञ बताने वाले लोग निवेश पर भारी मुनाफे का दावा कर रहे थे। ग्रुप में लगातार स्क्रीनशॉट और कथित मुनाफे की जानकारी साझा की जा रही थी, जिससे लोगों को प्रभावित किया जा सके। छोटी रकम से भरोसा जीता पुलिस को दी शिकायत में मनप्रीत ने बताया कि ठगों ने पहले मनप्रीत भाटिया से छोटी रकम निवेश करवाई और उस पर मुनाफा दिखाया गया। इससे उनका भरोसा मजबूत हो गया। इसके बाद उन्हें एक फर्जी निवेश ऐप डाउनलोड करवाया गया और स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश के लिए कहा गया। 22 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच पीड़ित से कई बार अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। यह रकम एचडीएफसी, आरबीएल, येस, इंडसइंड, यूको, एक्सिस और बंधन बैंक सहित अन्य बैंकों के खातों में जमा कराई गई। हर बार बताया गया कि यह पैसा अलॉटमेंट, प्रोसेसिंग चार्ज या अगले स्तर के निवेश के लिए जरूरी है। रकम न देने पर निवेश डूबने की दी धमकी ठगों ने पीड़ित को धमकाया कि यदि तय समय पर पैसे नहीं दिए गए तो पहले किए गए निवेश का पूरा पैसा डूब जाएगा। दबाव में आकर पीड़ित ने बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक से लोन लिया। इसके अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी बड़ी रकम उधार ली। इस तरह कुल मिलाकर करीब 1.39 करोड़ रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। जब पीड़ित ने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने उससे कहा कि निकासी से पहले 88.93 लाख रुपए और जमा कराने होंगे। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से संपर्क किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *