गाजीपुर में बसंत पंचमी के अवसर पर श्री दुर्गा शिव साईं मंदिर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बसंत पंचमी के दिन ही 12 वर्ष पूर्व साईं बाबा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, जिसके उपलक्ष्य में यह आयोजन प्रतिवर्ष होता है। कार्यक्रम के तहत मंदिर से साईं बाबा की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। शोभा यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। दिन भर मंदिर में भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष विजय कुमार, उपाध्यक्ष शशि ज्योति पांडेय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सच्चेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक व्यवस्था में जुटे रहे।


