डीग में साइबर ठग गैंग का पर्दाफाश:3 बदमाश गिरफ्तार, 5 नाबालिग भी डिटेन, फर्जी विज्ञापन के जरिए बनाते थे शिकार

डीग में साइबर ठग गैंग का पर्दाफाश:3 बदमाश गिरफ्तार, 5 नाबालिग भी डिटेन, फर्जी विज्ञापन के जरिए बनाते थे शिकार

डीग में पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 5 बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है। ये सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को ठगते थे। थाना अधिकारी भारत सिंह ने बताया कि साइबर पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भुड़ाका गांव की पहाड़ियों में दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इन साइबर ठगों को पकड़ा। उनके पास से आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त किए गए मोबाइल फोनों की गैलरी और ऐप्स की जांच करने पर ठगी के कई तथ्य सामने आए। ये ठग सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में गाय, भैंस और अन्य सामान बेचने के फर्जी विज्ञापन डालते थे। जो लोग इनके संपर्क में आते थे, उनसे पहले सामान भेजने के नाम पर कूरियर या ट्रांसपोर्ट चार्ज डलवाते थे। चार्ज मिलने के बाद ये न तो सामान भेजते थे और न ही पीड़ित का पैसा वापस करते थे। इस प्रकार ये प्रतिदिन लोगों के साथ ठगी कर महीनों में लाखों रुपये हड़प लेते थे।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस जांच में और भी खुलासे हो सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *