माघ मेले के दौरान बसंत पंचमी का पावन स्नान शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और तड़के सुबह से ही सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगा रहे है। बसंत पंचमी को प्रदेश सरकार द्वारा प्रांतीय मेले का दर्जा दिए जाने से श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा देखा जा रहा है सुबह चार बजे से ही सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर रहे है। कुछ श्रद्धालु परंपरा के अनुसार पीले वस्त्र धारण कर पीली वस्तुओं का दान भी दे रहे है। राम नगरी में श्री राम के जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में भक्त कर रहे दर्शन पावन स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिरों और मठों में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। घाटों, मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें और गोताखोर भी मौके पर मौजूद रहे। बसंत पंचमी के अवसर पर पूरे अयोध्या धाम में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।


