लखनऊ–गोरखपुर रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम सूचना है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 23 और 24 जनवरी को मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक बभनान–परसा तिवारी–स्वामी नारायण छपिया स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग के कार्य के चलते रहेगा। इसके कारण इस रूट की कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। डायवर्ट रूट से चलेंगी प्रमुख ट्रेनें सिगनलिंग कार्य के दौरान लखनऊ–गोरखपुर मुख्य मार्ग की बजाय कुछ ट्रेनों को गोरखपुर–बढ़नी–गोंडा रूट से चलाया जाएगा। इनमें 12565 दरभंगा–नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (23 जनवरी), 02563/02564 बरौनी–नई दिल्ली विशेष गाड़ी (23 जनवरी), 12557/12558 मुजफ्फरपुर–आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस, 13020 काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस और 14674 अमृतसर–जयनगर एक्सप्रेस शामिल हैं। ठहराव में बदलाव, कुछ स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेनें मेगा ब्लॉक के चलते लखनऊ जंक्शन से चलने वाली और यहां रुकने वाली कई ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। 23 और 24 जनवरी को 15007/15008 वाराणसी सिटी–लखनऊ जं.–वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस और 15203/15204 बरौनी–लखनऊ जं.–बरौनी एक्सप्रेस का बभनान स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा 15031/15032 गोरखपुर–लखनऊ जं.–गोरखपुर एक्सप्रेस भी बभनान स्टेशन पर नहीं रुकेगी। देरी से चलेंगी कुछ एक्सप्रेस यात्रियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि 15622 आनंद विहार–कामाख्या एक्सप्रेस और 15212 अमृतसर–दरभंगा एक्सप्रेस को लखनऊ मंडल में 60 से 90 मिनट तक रोककर चलाया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी का बयान लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि क्षमता बढ़ाने और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑटोमेटिक सिगनलिंग का यह कार्य जरूरी है। यात्रियों से अपील है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।


