Ahmedabad महानगरपालिका की स्थायी समिति की गुरुवार को हुई बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। शहर की लगभग 27 हजार चालियों में अंधेरे की समस्या से निजात मिलने की बात कही गई तथा शहर के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मुख के कैंसर की प्राथमिक जांच शुरू करने का भी निर्णय किया।स्थायी समिति के चेयरमैन देवांग दाणी ने बताया कि अब शहर की लगभग 27 हजार चालियों में लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए पूर्व, उत्तर और दक्षिण ज़ोन की चालियों में 9 मीटर ऊंचे लाइट पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य के लिए वार्षिक 3 करोड़ रुपए का खर्च होगा और इससे सीधे तौर पर ढाई से तीन लाख नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब तक चालियों में सड़क, पानी और गटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध थीं, लेकिन लाइट की कमी से नागरिकों को परेशानी होती थी। स्टैंडिंग कमेटी के निर्णय के बाद इन चालियों में रोशनी भी होगी।
ओरल कैंसर की जांच के लिए नई सुविधा
बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा एक अहम निर्णय भी लिया गया। देवांग दाणी ने बताया कि अहमदाबाद महानगरपालिका के नौ सीएचसी में अब ओरल कैंसर की प्राथमिक जांच की सुविधा शुरू की जाएगी। कैमरे की मदद से मुंह के अंदर जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि कैंसर की संभावना है या नहीं। यदि बायोप्सी की आवश्यकता होगी तो रेड सिग्नल मिलेगा, अन्यथा ग्रीन सिग्नल से स्पष्ट होगा कि स्थिति सामान्य है।
कैंसर रोकथाम की दिशा में कदम
अध्यक्ष ने कहा कि इस सुविधा से नागरिकों में बढ़ते ओरल कैंसर को शुरुआती चरण में ही पहचाना जा सकेगा और समय रहते उपचार संभव होगा। इससे कैंसर के गंभीर रूप लेने से पहले ही रोकथाम की दिशा में अहम कदम उठाया जा सकेगा।


