कन्नौज के नेशनल हाइवे पर गुरुवार शाम आगे चल रही बाइक में दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सैलून संचालक उछल कर सिर के बल सड़क पर गिर गया। घायल को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना जेवां टोल प्लाजा के पास की है। कन्नौज के अहमदी टोला मोहल्ला निवासी इकरार (55) अपने भतीजे नूर आलम के साथ बाइक पर सवार होकर गुरसहायगंज से कन्नौज की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह बाइक से भुलभुलियापुर गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक पर सवार चार लोग सड़क पर गिर गए। यहां उछलकर गिरने से इकरार का सिर सड़क से टकरा गया। जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इकरार और नूर आलम को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने इकरार को मृत घोषित कर दिया। जबकि नूर आलम का इलाज शुरू कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार टपका गांव निवासी शाहिल और अर्पित को भी चोटें आईं। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इकरार के भतीजे ने बताया कि वह सरायमीरा में पूर्वी बाईपास पर हेयर सैलून की दुकान किए थे। जिससे परिवार का भरण पोषण होता था। इकरार की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी का निकाह हो चुका, जबकि छोटी बेटी फोजिया के निकाह का प्लान कर रहे थे। पिता की मौत की खबर से बेटी फोजिया बेसुध हो गई। उसका कहना है कि घर में अब्बू ही कमाने वाले थे। अब परिवार कैसे चलेगा।


