एटा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मेरठ और एटा पुलिस ने संयुक्त अभियान में दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 77 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर एटा जनपद में कानपुर से अलीगढ़ जाने वाले टोल प्लाजा के पास दीपक ढाबा से की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मैनपुरी जिले के थाना बिछवा अंतर्गत संतोषपुर निवासी विवेक पुत्र कुलफ़ सिंह और ओपेंदर पुत्र कोतवाल सिंह के रूप में हुई है। नारकोटिक्स विभाग ने उनके कब्जे से एक ट्रक (यूपी 84 एटी 4516), दो मोबाइल फोन, तीन ड्राइविंग लाइसेंस और 1117 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लगभग डेढ़ साल पहले जैथरा थाना क्षेत्र के गुहटिया खुर्द निवासी रिजवान के संपर्क में आए थे। वे उड़ीसा और बिहार से गांजा लाकर एनसीआर क्षेत्र में रिजवान और खालिद के लिए सप्लाई करते थे, जिसके एवज में उन्हें 50 हजार रुपये मिलते थे। बरामद गांजा पटना, बिहार के हाजीपुरा से लाया जा रहा था। इस कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ के पुलिस महानिरीक्षक, एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ यूनिट के उपाधीक्षक भगवानदास के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।


