शहर की सड़कों पर एक बार फिर काली फिल्म गाड़िया:छिंदवाड़ा में नियम और सुरक्षा पर सवाल; गाड़ियों में हूटर तक लगे

शहर की सड़कों पर एक बार फिर काली फिल्म गाड़िया:छिंदवाड़ा में नियम और सुरक्षा पर सवाल; गाड़ियों में हूटर तक लगे

छिंदवाड़ा शहर की सड़कों पर एक बार फिर काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगी गाड़ियां खुलेआम दौड़ती नजर आ रही हैं। यातायात नियमों की अनदेखी कर चल रही ये गाड़ियां न केवल ट्रैफिक व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं। खासतौर पर रात के समय और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इन वाहनों की पहचान कर पाना मुश्किल हो जाता है, जिससे अपराध की आशंका और बढ़ जाती है। शासकीय कार्यालयों के बाहर अधिक नजर आ रहीं गाड़ियां
शहर में काली फिल्म लगी गाड़ियां खासकर शासकीय कार्यालयों के बाहर अधिक संख्या में खड़ी और चलती हुई दिखाई दे रही हैं। नियमों का खुला उल्लंघन होने के बावजूद लंबे समय से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। कई गाड़ियों में प्रतिबंधित हूटर का भी प्रयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी-कभार कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। अभियान थमते ही फिर लौट आई पुरानी स्थिति
कुछ समय पहले छिंदवाड़ा यातायात पुलिस द्वारा काली फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था। करीब एक सप्ताह तक लगातार कार्रवाई कर कई वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालान काटे गए थे। हालांकि अभियान खत्म होते ही स्थिति फिर वही हो गई। लंबे समय से नियमित कार्रवाई न होने के कारण दोबारा कई गाड़ियों में काली फिल्म चढ़ा ली गई है। लोगों का कहना है कि जब भी कोई बड़ा अपराध होता है, तभी सख्ती दिखती है, बाद में कार्रवाई ढीली पड़ जाती है। कानून क्या कहता है
भारतीय मोटर वाहन अधिनियम और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार किसी भी निजी वाहन में काली फिल्म लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों के तहत केवल कंपनी फिटेड ग्लास ही मान्य हैं। किसी भी तरह की अतिरिक्त ब्लैक फिल्म, रिफ्लेक्टिव शीट या गहरे रंग की सन फिल्म अवैध है। उल्लंघन पर चालान, जुर्माना और गंभीर मामलों में वाहन जब्ती तक का प्रावधान है। यातायात डीएसपी का बयान
इस मामले में यातायात डीएसपी रामेश्वर चौबे ने कहा कि काली फिल्म लगी गाड़ियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां नियम तोड़ने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी चौबे ने कहा कि काली फिल्म पूरी तरह प्रतिबंधित है। यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से चालानी कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील है कि वे नियमों का पालन करें और कहीं काली फिल्म लगी गाड़ी दिखे तो पुलिस को सूचना दें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *