नावा उपखण्ड मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम हेमपुर के पास एक निजी बस और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से बस सहित वहां से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घायल को 108 के जरिये अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। 108 एम्बुलेंस ने समय पर पहुंचाया अस्पताल, कुचामन रेफर दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस चालक मूल सिंह और नर्सिंग स्टाफ ने घायल को त्वरित प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध करवाते हुए तत्काल नावा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घायल की पहचान जोशीपुरा निवासी 30 वर्षीय जगपाल पुत्र सोहन सिंह के रूप में हुई है, जो अपने गांव जा रहा था। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च उपचार हेतु कुचामन सिटी के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक के हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, हालांकि समय पर अस्पताल पहुंचने से फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, फरार चालक की तलाश शुरू हादसे की जानकारी मिलने पर नावा पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल के भाई ने इस संबंध में नावा पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने बताया कि जगपाल नावा से अपने गांव लौट रहा था, तभी सीकर की ओर से आ रही बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना स्थल का मौका मुआयना कर बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल कर रही है ताकि बस की पहचान की जा सके।


