औद्योगिक नगरी पानीपत के चांदनी बाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कृष्णा गार्डन इलाके से दो नाबालिग सगी बहनों के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस के ही दो युवकों ने शादी करने की नीयत से दोनों बहनों को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। पिता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। यह है पूरा मामला पीड़ित पिता ने बताया कि वह कृष्णा गार्डन कॉलोनी में रहता है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दो बेटियां (15 वर्ष) और (13 वर्ष) है। जोकि अचानक लापता हो गई हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचित किया गया। आरोपियों की पहचान आई सामने परिजनों ने इलाके के ही दो युवकों, सन्नी और दीपक उर्फ दीपु, पर संदेह जताया है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक दोनों बहनों को शादी करने की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। वारदात 19 जनवरी की दोपहर से 20 जनवरी की रात के बीच की बताई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई चांदनी बाग थाना पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 3(5) और 87 (जो कि अपहरण और शादी के लिए मजबूर करने से संबंधित है) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर (SI) राजेंदर सिंह को जांच सौंपी गई है।


