आगरा में बंदरों के आतंक के चलते एक महिला की जान चली गई। शाहगंज के वेस्ट अर्जुन नगर में विरमा देवी नाम की महिला छत से कपड़े उतारने गई थी। तभी बंदरों ने उन पर झपट्टा मारा। बचने के लिए महिला पीछे हटी और तीन मंजिल से नीचे गिर पड़ी। हादसे में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है।
वेस्ट अर्जुन नगर में रहने वाली क्षमा देवी ने बताया कि बुधवार दोपहर को उनकी सास विरमा देवी छत से कपडे़ लेने गई थीं। छत पर करीब 15-20 बंदरों का झुंड था। जैसे ही सास ऊपर गई, बंदरों के झुंड ने उन पर झपट्टा मार दिया। वो घबरा गई। बंदरों से बचने के लिए भागी। इसी बीच संतुलन बिगड़ने पर वो तीसरी मंजिल से पड़ोसी की छत पर गिर गई। अचानक तेज आवाज होने पर पड़ोसी ऊपर गए। देखा सास विरमा देवी खून से लथपथ पड़ी थीं। आस पड़ोस के लोग भी आ गए। तत्काल गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों का बुरा हाल है। एक साल पहले भी गई थी महिला की जान
लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। आए दिन बंदर लोगों को काटते रहते हैं। एक साल पहले भी बंदरों ने एक महिला पर झपट्टा मारा था। वो भी छत से नीचे गिर गई थी। उनकी भी मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि बंदरों के आतंक के चलते बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पाते हैं। घरों में कैद रहना पड़ता है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।


