महोबा के चांदो गांव में मुर्गा खरीदने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को बेरहमी से पीटा गया। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उस पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। घटना महोबा के चांदो गांव की है। 32 वर्षीय दीपक सेन गांव के पहाड़ के पास स्थित एक मुर्गे की दुकान पर गए थे। वहां मौजूद एक अन्य युवक से इस बात पर बहस शुरू हो गई कि पहले मुर्गा कौन खरीदेगा।बहस बढ़ने पर दूसरे युवक ने अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों को मौके पर बुला लिया। इन लोगों ने दीपक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने दीपक को तब तक पीटा जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर गया। हमले में दीपक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। दीपक के परिजनों ने बताया कि हमलावर गांव के ही दबंग किस्म के लोग हैं। उनका आरोप है कि वर्चस्व की लड़ाई के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।


