मैनपुरी में एक युवक का तमंचा लोड करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में युवक अपने कुछ साथियों के साथ खुलेआम तमंचा हाथ में लेकर उसे लोड करता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो युवक के किसी साथी ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कृष्णा सागर के रूप में हुई है, जो रामलीला मैदान के पास का निवासी बताया जा रहा है और थाना कोतवाली क्षेत्र से संबंधित है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने मैनपुरी की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करने वाले बेखौफ हैं, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगा। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया है कि यह युवक पहले भी इस तरह की पोस्ट करता रहा है और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश करता है। गौरतलब है कि पिछले महीने भी मैनपुरी में अवैध हथियारों को लहराने के कई वीडियो वायरल हुए थे, जिन पर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की थी। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाह के नेतृत्व में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग अभियान चलाया गया था और चेतावनी दी गई थी कि हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इन कार्रवाइयों के बावजूद अब फिर से ऐसा वीडियो सामने आना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है। फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की बात कही जा रही है।


