पाकुड़ में पुलिस की वर्दी में गुंडागर्दी:407 वाहन चालक को नो एंट्री के नाम पर रोका, पैसे नहीं देने पर की पिटाई

पाकुड़ में पुलिस की वर्दी में गुंडागर्दी:407 वाहन चालक को नो एंट्री के नाम पर रोका, पैसे नहीं देने पर की पिटाई

पाकुड़ जिले में बुधवार देर रात पुलिस की वर्दी की आड़ में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। पाकुड़–दुमका मुख्य पथ पर काली भासन पोखर गेट के पास पुलिस की वर्दी और हेलमेट पहने एक व्यक्ति ने 407 वाहन के चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में चालक घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित गोरिया निवासी मेयु हलदार के रूप में हुई है। कोर्ट के पास रोका, पीछा कर फिर हमला किया घायल चालक मेयु हलदार ने बताया कि वह साहिबगंज जिले के गुमानी से माल उतारकर 407 वाहन से कोलकाता लौट रहा था। जैसे ही वह पाकुड़ शहर में दाखिल हुआ और कोर्ट के पास पहुंचा, तभी पुलिस की वर्दी में हेलमेट पहने एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने उसे रुकने का इशारा किया। उस व्यक्ति ने नो एंट्री का हवाला देते हुए वाहन रोकने को कहा। चालक के अनुसार, उसने बताया कि नो एंट्री का समय समाप्त हो चुका है, इस पर वह व्यक्ति गाली-गलौज करने लगा और पैसे की मांग करने लगा। जब चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो वह धमकी देने लगा। इसके बाद चालक गाड़ी लेकर आगे बढ़ गया। कुछ दूर जाने पर उक्त व्यक्ति मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए काली भासन पोखर गेट के पास पहुंचा और दोबारा गाड़ी रुकवा ली। डंडे से पिटाई, वीडियो बना रहे लोग काली भासन पोखर गेट के पास उस व्यक्ति ने डंडे से चालक की पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से चालक घायल हो गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिन्हें देखते ही हमलावर वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया। चालक ने बताया कि वह पहले से बीमार है और इस घटना से उसे शारीरिक के साथ मानसिक आघात भी पहुंचा है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हमलावर का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है। लोगों का कहना है कि वे इस मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *