बाइक सवार को बचाने के चक्कर में रामामंडी चौक पर दो बसों में टक्कर

बाइक सवार को बचाने के चक्कर में रामामंडी चौक पर दो बसों में टक्कर

भास्कर न्यूज | जालंधर रामामंडी चौक के पास बुधवार को सवारियों से भरी दो बसें टकरा गईं। हादसे में दिल्ली एयरपोर्ट से आ रही इंडो-कैनेडियन बस और होशियारपुर से आ रही दोआबा बस क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के दौरान इंडो-कैनेडियन बस का अगला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हालांकि गनीमत रही कि बस में बैठे यात्री सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब क्रॉसिंग के दौरान अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के लिए दोआबा बस के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई, जिससे पीछे आ रही इंडो-कैनेडियन बस भी अनियंत्रित होकर टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शी रणजीत सिंह ने बताया कि दोनों बसों में सवारियां मौजूद थीं, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दूसरी ओर, होशियारपुर निवासी मोहित ने कहा कि वह अपनी साइड पर खड़ा था और हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ। उसने बताया कि उसके साथी ने बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ, जिससे यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *