अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के शक्ति नगर में संपत्ति के बंटवारे को लेकर बड़े कारोबारी परिवार में चल रहा विवाद बुधवार को गोलियों की तड़तड़ाहट में बदल गया। गायत्री परिवार में आपसी कहासुनी के दौरान एक भाई ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। परिवार की ओर से कोई तहरीर न मिलने पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही रिवॉल्वर के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। लंबे समय से चल रहा है संपत्ति का विवाद शक्ति नगर निवासी राजकुमार वार्ष्णेय चार भाई हैं। काफी लंबे समय से भाइयों के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। राजकुमार वार्ष्णेय फैक्ट्री संचालन के साथ-साथ गायत्री पैलेस का भी संचालन करते हैं। उनके अन्य भाई और भतीजे भी पारिवारिक व्यवसाय में हिस्सेदार हैं। बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे शक्ति नगर स्थित फैक्ट्री परिसर में बंटवारे को लेकर फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान राजकुमार के छोटे भाई अशोक वार्ष्णेय का परिजन से नोकझोंक होने लगी। चार राउंड फायरिंग से फैली दहशत आरोप है कि गुस्से में आकर अशोक वार्ष्णेय ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और चार राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बन्नादेवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा कुछ स्थानीय कारोबारी भी वहां एकत्र हो गए। पुलिस ने अपनी तरफ से दर्ज किया मुकदमा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले जाकर पूछताछ की। एसएचओ बन्नादेवी विजय सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में परिवार के किसी सदस्य ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग जैसे गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की लाइसेंसी रिवॉल्वर के लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


