सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में एडवांस वैस्कुलर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई। 65 वर्षीय एक मरीज जो बार-बार पैर में गैंग्रीन और पूर्व में पैर की उंगली कट जाने से एडमिट हुए थे, उनका पेरिफेरल एथरेक्टॉमी द्वारा इलाज किया गया।
यह प्रक्रिया इंदौर में पहली बार और मध्य प्रदेश में दूसरी बार की गई पेरिफेरल एथरेक्टॉमी है, जो राज्य में लिंब-सेल्वेज (पैर बचाने) की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। इसका पूरा इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत फ्री में किया गया। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज को भी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
इस प्रक्रिया में Jetstream™ Atherectomy System का उपयोग किया गया, जो धमनियों में जमी एथेरोस्क्लेरोटिक ब्लॉक सुरक्षित रूप से हटाकर रक्त प्रवाह को फिर से स्थापित करता है और बड़े पैर के कटने की आशंका को कम करता है। यह जटिल प्रक्रिया डॉ. अभिषेक कोटवाल द्वारा डॉ. अरविंद घनघोरिया (डीन), डॉ. डी.के. शर्मा (सुपरिटेंडेंट), डॉ. अमन गुप्ता और डॉ. अलका अग्रवाल के निर्देशन में की गई।


